हरियाणा में कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, गुरुवार को पांच नए मामले सामने आए हैं। इनमें एक मामला कैथल जिले में तो चार मामले अम्बाला जिले के हैं। इन नए मामलों के साथ अब राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 158 पहुंच गई है। वहीं कैथल में संक्रमित मिला मरीज 9 वर्षीय बच्चा है, जो बिहार का रहने वाला है और मदरसे में पढ़ने के लिए कैथल से आया था। बच्चा मदरसा संचालक के संपर्क में आया था, जो निजामुद्दीन मरकज से लौटा था। इसके बाद कैथल में पॉजिटिव मरीजों की संख्या दो हो गई है। वहीं अम्बाला में अब तक मिले 7 मरीजों में से 5 जमाती हैं।
हरियाणा में अब कुल 107 जमाती संक्रमित
हरियाणा में अब संक्रमित मिले जमातियों की संख्या 107 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या नूंह जिले की है। यहां कुल 37 जमाती संक्रमित हैं। इसके अलावा पलवल में 27, गुरुग्राम में 14, अम्बाला में 5, भिवानी में 2, कैथल में 1, फरीदाबाद में 17, चरखी दादरी 1, जींद 1, फतेहाबाद 1, सोनीपत 1 लोग संक्रमित हैं, जो मरकज से आए हुए थे। सभी धर्म प्रचार का काम कर रहे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों व गांवों से पकड़ा गया है।

10 विदेशी 61 बाहरी राज्यों से
हरियाणा में मिले संक्रमित मरीजों में 10 विदेशी और 61 बाहरी राज्यों के हैं। इनमें श्रीलंका से 6, नेपाल, थाइलैंड, इंडोनेशिया व साउथ अफ्रीका का एक-एक नागरिक शामिल है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के 11, हिमाचल प्रदेश के 10, तमिलनाडु के 7, पचिश्म बंगाल के 4, केरला के 5, बिहार के 8, तेलंगाना के 2, आंध्र प्रदेश से 2, महाराष्ट्र व जम्मू के 3-3, मध्यप्रदेश के 2 और पंजाब, कर्नाटक, चेन्नई, असम का एक-एक नागरिक संक्रमित है।
हरियाणा में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा पहुंचा 158
हरियाणा के कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 158 पहुंच गया है। सबसे ज्यादा 38 मरीजों के साथ नूंह जिला पहले नंबर पर है। गुरुग्राम में 32, पलवल में 28, फरीदाबाद में 28, पानीपत में 4, अम्बाला में 7, भिवानी में 2, कैथल में 2, सिरसा में 3, पंचकूला में 2, हिसार में 1, रोहतक में 1, करनाल में 5, चरखी दादरी 1, जींद 1, फतेहाबाद 1 और सोनीपत में 2 पॉजिटिव मरीज सामने आया है। हरियाणा के 22 जिलों में से 17 जिलों तक कोरोनावायरस पहुंच गया है।
18 मरीज हुए ठीक
अभी तक 17 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा गुरुग्राम में ही हैं। यहां से 9 मरीज, पानीपत में 4, फरीदाबाद में 2, हिसार में 1, सोनीपत में 1 और पलवल में 1 मरीज ठीक हुआ है।